गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शुक्रवार को गदरपुर बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को ₹28.30 करोड़ (₹2,830.07 लाख) की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने 8 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का फीता काटकर उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने ₹6.94 करोड़ (₹694.06 लाख) की लागत से पूर्ण हुई तीन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹21.36 करोड़ (₹2,136.01 लाख) की लागत वाली पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में ₹2.75 करोड़ की लागत से निर्मित विकासखंड गदरपुर का नया कार्यालय भवन, ₹69.19 लाख की लागत से ग्रामीण क्षेत्र में हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा ₹3.49 करोड़ की लागत से निर्मित आधुनिक गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं।
वहीं शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में ₹18.39 करोड़ की लागत से बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय (डेस्टिनेशन) होते हुए गुलरभोज कुल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क निर्माण, रामजीवनपुर नंबर-3 एवं ग्राम मझरशिला के आंतरिक मार्गों का निर्माण, जयनगर नंबर-4 कॉलोनी एवं गुरुनानकपुर में इंटरलॉकिंग टाइल सड़कें तथा कुल्हा चौराहे से लक्ष्मण सिंह गट्टी ग्राम तक इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी समान रूप से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के लिए विकास का अर्थ केवल सड़क, पुल और भवन निर्माण नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और समृद्ध बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल शिलान्यास करने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उसका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है। यही डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन में आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन सहित यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं नए विकासखंड कार्यालय भवन से ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर अधिक सुगमता से उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में छात्रावास भवन, राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर में आधुनिक ऑडिटोरियम तथा आईटीआई गुलरभोज में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया है। साथ ही आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बौर डैम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग ₹4 करोड़ की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य और विभिन्न गांवों में लगभग ₹13 करोड़ की लागत से पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भूमि संबंधी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कदम उठाकर जनहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वोट बैंक नहीं, बल्कि विश्वास की राजनीति में विश्वास रखती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक के अनुरोध पर चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने के लिए समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने गुलरभोज पर्यटन क्षेत्र में जिम कॉर्बेट से संबंधित जिप्सी परमिट व्यवस्था तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, सचिव परिवहन रविनाथ रमन, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
