Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

उत्तरकाशी में बर्फबारी के बीच फंसे ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान में उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए, ताकि प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

पर्यटकों के लिए भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था

मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों को भी सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि रेस्क्यू किए जा रहे लोगों के लिए चिकित्सकीय सहायता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध संसाधनों का तत्काल उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

Exit mobile version