Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कुंभ-2027 की तैयारी तेज: धामी ने केंद्र से मांगे ₹325 करोड़, RRTS-मेट्रो विस्तार का प्रस्ताव

CM Dhami met Union Minister Manohar Lal Khattar

CM Dhami met Union Minister Manohar Lal Khattar

नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर कुंभ-2027 की तैयारियों सहित राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए ₹325 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि कुंभ-2027 के सफल आयोजन को देखते हुए हरिद्वार में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए पहले चरण में ₹325 करोड़ जल्द स्वीकृत किए जाएं। इसके साथ ही दूसरे चरण में शेष लगभग ₹425 करोड़ की राशि को भी मंजूरी देने का अनुरोध किया गया।

धामी (CM Dhami) ने हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ की तैयारियों के तहत घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के विस्तार और शहरी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित होगा।

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या घटेगी और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क से उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को जोड़ने से पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Exit mobile version