अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने गुरुवार को अल्मोड़ा जनपद स्थित प्राचीन शिव धाम वृद्ध जागेश्वर पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और राज्य के निरंतर विकास एवं जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्याओं को प्रसाद वितरित कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख और प्राचीन शिव धामों में से एक है। इसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत देशभर के श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों का विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को भी मजबूती प्रदान करेगा।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
