Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

क्रीड़ा विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूर्ण हो, गुणवत्ता से समझौता नहीं : CM धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बैठक में खेल विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल अवसंरचना, शैक्षणिक भवनों, प्रशिक्षण सुविधाओं, छात्रावासों, खेल विज्ञान केंद्र, अनुसंधान सुविधाओं और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि राज्य के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण उच्च मानकों और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए, ताकि यह खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के लिए विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराने वाला संस्थान बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, इनडोर एवं आउटडोर खेल परिसर, स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन सुविधाएं, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र तथा खेल प्रबंधन एवं अनुसंधान से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। खेल अवसंरचना के विकास के साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version