Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण

CM Dhami

CM Dhami

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। लगभग ₹40 लाख की लागत से स्थापित प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लेकर ऊधम सिंह ने पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान और अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसुविधाओं को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। उन्होंने ₹1.20 करोड़ (₹120.18 लाख) की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस परियोजना से परिसर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और जल निकासी की सुविधाओं में भी सुधार होगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ₹2.65 करोड़ (₹264.97 लाख) की लागत से रुद्रपुर की कैनाल कॉलोनी में बनने वाली सरफेस पार्किंग परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहर में यातायात प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जा रहे हैं, ताकि उनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में निवासरत शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से भी संवाद किया और उनके बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड उनकी वीरगाथा को सदैव सम्मान और गर्व के साथ स्मरण रखेगा। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version