Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भगवान श्री कृष्ण का जीवन प्रेरणादाई है : मुख्यमंत्री धामी

CM Dhami

CM Dhami

पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami)  ने कहा कि जन्माष्टमी पर्व हमें सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और भगवान श्री कृष्ण का जीवन प्रेरणादाई है। भगवान श्रीकृष्ण की ओर से दिए गए गीता के उपदेश को आधार मानकर ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’का मंत्र दिया है। प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई नीतियां इसी भाव को दिखाती हैं कि विकास कार्यों में भेदभाव नहीं करना है।

गंगोलीहाट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami)  ने जन्माष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2024 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिद्धपीठ हाटकलिका मंदिर में मां महाकाली की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्री महाकाली मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’अभियान के तहत एक रुद्राक्ष का पौधा लगाकर आम जनमानस को संदेश दिया।

मुख्यमंत्री (CM Dhami)  ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सबको सदैव मिलता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनरूत्थान के कार्य किए जा रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों का भी विकास हो रहा है। साथ ही भारत को पुनः परम वैभव की ओर ले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर से अलगाववाद को बढ़ावा देने वाली धारा 370 को समाप्त कर दिया गया है। विकास योजनाएं लोगों के जीवन को बदल रही है और प्रदेश सरकार ने भी उत्तराखंड के हित में कई निर्णय लिए है।

मुख्यमंत्री धामी (CM Dhami)  ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की मातृशक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ कर आत्मनिर्भर बन रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हमारी महिलाएं विश्वस्तरीय उत्पाद बना रही है। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 70 लाख लोगों को सहायता प्रदान की जा रही है। आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में वर्तमान तक 60 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। उज्ज्वला योजना के तहत साढ़े चार लाख गैस सिलेंडर वितरण किए गए हैं। वहीं मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां हाट कालिका मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य चार मंदिरों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। अंत्योदय के अंतर्गत आने वाले परिवारों को एक साल के अंदर तीन गैस सिलेंडर मुफ्त में दिए जाते हैं। राज्य में पिछले तीन सालों में 16 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्ति प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता को जल्द लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। जबरन धर्मांतरण विरोधी कानून तथा दंगा रोधी कानून लाकर प्रदेश के जनमानस की सुरक्षा का कार्य किया गया है। गंगोलीहाट को नगर पालिका बनाया गया और गंगोलीहाट में बस अड्डे का निर्माण कार्य सुचारू रूप से गतिमान है।

योगी के बाद धामी देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में शुमार, बढ़ी लोकप्रियता

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा ने क्षेत्रीय जनता की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही क्षेत्र की अनेक जन-समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं और बच्चों के साथ झोड़ा नृत्य में प्रतिभाग भी किया।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने की घोषणाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से संबंधित अनेक घोषणा की। जिसमें विकास खण्ड बेरीनाग के अंतर्गत चौड़मनिया-कीमतोली मोटर मार्ग पर सेतु निर्माण का कार्य, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट की चार दिवारी का निर्माण कार्य, राजकीय इंटर कॉलेज गंगोलीहाट के मैदान का चौड़ीकरण तथा गंगोलीहाट में ट्रॉमा सेंटर बनाने, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भवन की मरम्मत करने, न्याय पंचायत केंद्र पोखरी में स्थित विद्यालय को उच्चीकृत, सरयू और रामगंगा के संगम स्थल पनार घाट का सौंदर्यीकरण करने के साथ ही राजकीय महाविद्यालय गणाई में पुस्तकालय का निर्माण की घोषणाएं की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पिथौरागढ़ दीपिका बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष पिथौरागढ़ गिरीश जोशी, पूर्व विधायक/प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा मीना गंगोला, प्रदेश महामंत्री भाजपा अजय, पूर्व विधायक जिला प्रभारी मंत्री पिथौरागढ़ बलवंत भोरयाल, निवर्तमान अध्यक्ष नगर पालिका गंगोलीहाट जयश्री पाठक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version