Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नारनौल में मुख्यमंत्री दिखाएंगे हाफ मैराथन को हरी झंडी, तिरंगा अभियान भी शुरू

CM Nayab Singh Saini

CM Nayab Singh Saini

नारनाैल। हरियाणा को नशामुक्त बनाने और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से नाै अगस्त को नारनौल में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Saini) इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी मंच से ड्रग फ्री हरियाणा और हर घर तिरंगा अभियान की भी औपचारिक शुरुआत होगी। यह जानकारी उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा उदय एवं कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 60 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें से करीब छह हजार प्रतिभागी 10 किलोमीटर हाफ मैराथन में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 10 किलोमीटर दौड़ के महिला और पुरुष वर्ग के प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 50-50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित पांच किलोमीटर दौड़ में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को तिरंगा भेंट किया जाएगा। उपायुक्त ने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी सुबह 5:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें। आयोजन की ब्रांड एंबेसडर राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ होंगी, जबकि प्रसिद्ध लोकगायक अमित सैनी रोहतकिया सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि मैराथन मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

Exit mobile version