Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ जिले को दी स्वास्थ्य परियोजनाओं की बड़ी सौगातें

CM Nayab Singh

CM Nayab Singh

नारनाैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh) ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए जिला महेंद्रगढ़ सहित प्रदेश को 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की नौ स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी मौजूद रहीं।

वहीं नारनौल के नागरिक अस्पताल में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिले में विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री (CM Nayab Singh) ने पंचकूला से वर्चुअल माध्यम के जरिए जिला नागरिक अस्पताल नारनौल में ‘स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार क्लिनिक’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य स्तरीय टेली.ईसीजी सेवा का भी शुभारंभ किया गया, जिससे मरीजों को डिजिटल माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से तिगरा, बिहाली, बजाड़, सिहोर और स्याणा गांवों में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इसके अलावा जिला नागरिक अस्पताल नारनौल में आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मेसी स्टोर की आधारशिला भी रखी गई। इस कार्यक्रम में एडीसी तरुण कुमार पावरिया, डीएसपी भारत भूषण, सीएमओ डॉ अशोक कुमार, मेडिकल कॉलेज निदेशक डॉ बृजेंद्र सिंह ढिल्लों, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version