Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

आप और कांग्रेस ने सिर्फ वादे किए, हमने काम किया : सीएम नायब सैनी

CM Nayab Singh Saini

CM Nayab Singh Saini

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini ) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों दलों ने जनता को केवल चुनावी वादों और घोषणाओं तक सीमित रखा, जबकि हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने अपने संकल्पों को धरातल पर उतारकर दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब वादों और काम के बीच का अंतर साफ तौर पर समझ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकारें नियमित रूप से जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखती हैं और बताती हैं कि कौन-कौन से वादे पूरे किए गए। इसके विपरीत कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हर चुनाव में पुराने वादों को नए तरीके से पेश कर जनता को गुमराह करती हैं, जबकि उनके पास उपलब्धियों के नाम पर कुछ नहीं है। नायब सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भी आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने पंजाब को नशे के दलदल में धकेला और अब आप सरकार भी इस गंभीर चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सुरक्षित भविष्य और रोजगार के अवसर देने के लिए ठोस काम करने की जरूरत है, केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के एक कार्यक्रम के दौरान जब लोगों को हरियाणा सरकार की गरीबों के लिए आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिली तो वे आश्चर्यचकित रह गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी हरियाणा आए हैं, राज्य को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देकर गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार का दौरा भी हरियाणा के विकास को नई गति देगा।

Exit mobile version