Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जन सुनवाई के दौरान हमला, आरोपी हिरासत में

Chief Minister Rekha Gupta attacked during public hearing

Chief Minister Rekha Gupta attacked during public hearing

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर हमला हुआ है। आज सुबह जब वो सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर जन सुनवाई कर रहीं थीं, उसी दौरान उन पर हमला किया गया। हालांकि, मुख्यमंत्री पर हमला करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान 41 साल का एक शख्स अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा, लेकिन अचानक उसने मुख्यमंत्री पर हमला करने की कोशिश की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हमलावर के हाथ में कुछ कागज थे।

इस हमले के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आरोपी के किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने का शक जताया जा रहा है और पुलिस इस एंगल से भी जांच में जुटी गई है। शुरुआती जानकारी में आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया बताया है। आरोपी राजकोट का रहने वाला है और उसकी उम्र 41 साल है।

बताया गया कि शख्स ने पत्थर जैसी किसी वस्तु से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, बीजेपी ने इससे इनकार किया है। हमले की कोशिश करने वाले व्यक्ति को मौके पर ही मुख्यमंत्री (Rekha Gupta) की सुरक्षा टीम और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पकड़ लिया।

दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को बेहद दुखद बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि सीएम पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं। इस तरह की घटना महिला सुरक्षा की पोल खोलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी और अन्य महिलाएं कैसे सुरक्षित हो सकती हैं।

आतिशी ने की हमले की निंदा

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इस हमले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी और आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Exit mobile version