Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

आपके एक वोट से बनता है दिव्य धाम और साफ होते हैं माफिया: सीएम योगी

CM Yogi gave a gift of Rs 130 crore to Madhuban.

CM Yogi gave a gift of Rs 130 crore to Madhuban.

मऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शुक्रवार को मऊ जिले के मधुबन नगर पंचायत स्थित पांती रोड के गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने मधुबन और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए करीब 130 करोड़ 17 लाख 62 हजार रुपये की कुल लागत वाली 49 विकास परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम ने इस बात पर जोर दिया कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण ही आज विकास धरातल पर दिखाई दे रहा है।

‘सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का फैसला यमराज करेगा’:

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने अपराधियों और उपद्रवियों को खुले मंच से चेतावनी दी। उन्होंने कहा हमारी सरकार में आज प्रदेश के हर गरीब के लिए स्वच्छ पानी और सरकारी खाद्यान्न (राशन) उपलब्ध है। अब सूबे में किसी भी माफिया या अपराधी की यह हिम्मत नहीं है कि वह किसी धार्मिक आयोजन या त्योहार में किसी भी तरह का व्यवधान (बाधा) उत्पन्न कर सके। अगर कोई ऐसा दुस्साहस करेगा, तो उसका हश्र इतिहास के ‘रावण और कंस’ जैसा होगा। प्रदेश की बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वालों का अंतिम फैसला अब सीधे यमराज करेंगे।

‘माफिया मुक्त प्रदेश और देवस्थानों का उत्थान’:

जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी (CM Yogi) ने लोकतंत्र में ‘एक वोट’ की ताकत का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने जिस भरोसे के साथ राज्य और केंद्र में डबल इंजन की सरकार को जिताने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है, यह उसी का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि जब सही सरकार चुनी जाती है, तो देवस्थानों का जीर्णोद्धार और उत्थान होता है; उसी का परिणाम है कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। जनता के एक सही वोट ने काशी विश्वनाथ में भव्य धाम बनवा दिया और पूरे उत्तर प्रदेश को ‘माफिया मुक्त प्रदेश’ में तब्दील कर दिया।

गरीबों और किसानों के हक में जा रहा है पैसा:

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम कसी गई है। अब विकास योजनाओं के लिए आवंटित होने वाला एक-एक पैसा पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे धरातल पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में लग रहा है।

गरीब का पैसा सीधे गरीब के पास जा रहा है और अन्नदाता किसानों के कल्याण के लिए सरकार के पास कई कल्याणकारी योजनाएं हैं, जिन्हें लागू करने के लिए वे स्वयं मधुबन की धरती पर आए हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य के लिए विकास की यह अनवरत यात्रा इसी तरह बिना रुके आगे चलती रहनी चाहिए।

Exit mobile version