Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश व्यापी पोषण माह का किया शुभारंभ

CM Yogi inaugurated the state-wide Nutrition Month.

CM Yogi inaugurated the state-wide Nutrition Month.

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेशव्यापी पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सुपोषित भारत’ के विजन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्न प्राशन अपने हाथ से किया। मासूम बेटियों को गोद में उठाकर खीर खिलाई और खिलौना भी दिया। इस दौरान राधा और कृष्ण की वेशभूषा में आए बच्चों पर मुख्यमंत्री ने जमकर स्नेह और दुलार लुटाया और उन्हें खिलौना भी दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आंगनवाडी कार्यकर्त्रियों के स्टालों पर जाकर उनके कार्यों को देखा। स्वयं सहायत समूह या एनजीके साथ जुड़कर बनाए गए उनके उत्पादों की जानकारी भी ली।

इस दौरान प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मंडलायुक्त एस.राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार आदि भी मौजूद रहे। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान पीएमएमवीवाई के दस वर्ष और पोषण माह से जुड़ी फिल्में प्रदर्शित कर अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। इस वर्ष अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूरक पोषण कार्यक्रम (एसएनपी) के मेन्यू बोर्ड अनिवार्य किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान चार प्रमुख थीम—आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन—को प्रमुखता से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश मंगलवार रात ही जारी कर दिए थे। मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया है।

Exit mobile version