Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, पुलिस करे सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

CM Yogi

CM Yogi

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कमजोर वर्ग के लोगों को कतिपय दबंगों द्वारा डराने, धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से दो टूक कहा, ‘गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही की जाए।’

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान, सरकार का संकल्प है।

अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ ही सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार धन उपलब्ध करा देगी। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने दुलारा और उन्हें चॉकलेट के साथ अपना आशीर्वाद भी दिया।

Exit mobile version