Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत पर मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान, घर पहुंचा प्रशासन

CM Yogi takes cognizance of Merchant Navy officer's death.

CM Yogi takes cognizance of Merchant Navy officer's death.

कानपुर। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ब्लैक सी में ड्रोन हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के मर्चेंट नेवी के चीफ ऑफिसर सागर गुप्ता के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार देर रात जिला प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शास्त्री नगर स्थित उनके आवास पहुंचे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल कानपुर के जिला प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस को परिवार से संपर्क कर हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा और सदर एसडीएम अनुभव सिंह देर रात सागर गुप्ता के आवास पहुंचे।

अधिकारियों ने दिवंगत सागर गुप्ता की मां और अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी लेने के साथ ही अधिकारियों ने शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन लगातार उनके संपर्क में रहेगा और आवश्यक सभी औपचारिकताओं में पूरा सहयोग करेगा। अधिकारियों ने कहा कि शासन के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाएगा।

गौरतलब है कि कानपुर के शास्त्री नगर निवासी सागर गुप्ता (30) मर्चेंट नेवी में चीफ ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ब्लैक सी में हुए ड्रोन हमले के दौरान उनका जहाज हमले की चपेट में आ गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना की खबर सामने आने के बाद शोक की लहर दौड़ गई। कानपुर में उनके आवास पर लगातार जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है।

Exit mobile version