Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कन्या पूजन अनुष्ठान: मुख्यमंत्री ने की मातृशक्ति की आराधना

CM Yogi

CM Yogi

गोरखपुर। मातृशक्ति के प्रति असीम श्रद्धाभाव से उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने वासंतिक (चैत्र) नवरात्रि की नवमी तिथि पर शुक्रवार को गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र में आयोजित कन्या पूजन अनुष्ठान में सीएम योगी (CM Yogi) ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा, उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।

गोरक्षपीठाधीश्वर (CM Yogi) ने सबसे पहले कन्याओं के पांव पखारे। उनके माथे पर रोली, चंदन, अक्षत आदि का तिलक लगाया। दुर्वा से उनका अभिषेक किया, माला पहनाई। चुनरी ओढ़ाकर एवं दक्षिणा-उपहार प्रदान कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अन्न क्षेत्र में सभी कन्याओं व बटुकों की श्रद्धाभाव से आरती भी उतारी।

पूजन के बाद इन कन्याओं को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अपने हाथों से परोसा। आयोजन में आईं सभी कन्याओं को पूजनोपरांत चुनरी, दक्षिणा और उपहार दिए गए।

कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देशित करते रहे।

कन्या पूजन अनुष्ठान के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ सहित कई संत व मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कन्या पूजन से पूर्व प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना हुई।

Exit mobile version