Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही झूमे युवा, सीएम योगी ने बीच में पहुंचकर खिंचवाई सेल्फी

CM Yogi

CM Yogi

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह सिर्फ सरकारी नियुक्तियों तक सीमित नहीं रहा। नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही नवचयनित युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसी बीच युवाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई तो सीएम खुद उनके बीच पहुंच गए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सहज अंदाज में सेल्फी खिंचवाई। इस दौरान सभागार में तालियां और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 3,446 तकनीकी सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

युवाओं को मिला बड़ा भरोसा

नियुक्ति पत्र बांटने के बाद मुख्यमंत्री ने रोजगार को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

योगी ने कहा कि भर्ती आयोगों और चयन बोर्डों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की कोशिश है कि परीक्षा और परिणाम के बीच युवाओं को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

भर्ती प्रक्रिया पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भर्तियों के दौरान भ्रष्टाचार और सिफारिश की शिकायतें आम थीं, जिससे युवाओं का समय बर्बाद होता था।

योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार में अब तक 9.30 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से की जा चुकी हैं।

इजराइल से जापान तक यूपी के युवाओं की चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के युवाओं की प्रतिभा को अब वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि 5,000 से अधिक युवा इजराइल में काम कर रहे हैं और करीब 1.5 लाख रुपये प्रतिमाह तक कमा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विदेशों में यूपी के युवाओं की बढ़ती मांग प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। समारोह के अंत में युवाओं के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री की सेल्फी ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल और बढ़ा दिया।

Exit mobile version