Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

UP चुनाव की तैयारियों में जुट कांग्रेस, CEC की अहम बैठक कल

नई दिल्ली। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक शनिवार की शाम को पार्टी की अतंरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी। बताया जा रहा है कि, इस बैठक में यूपी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। सोनिया गांधी के अतिरिक्त कांग्रेस की महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। इसके साथ ही इस बैठक में चुनाव समिति और प्रचार समिति के प्रमुख नेता भी हिस्सा ले सकते हैं।

मुंबई आग: भीषण आग में फंसे शख्स की 19वीं मजिल से गिरकर मौत

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। असल में यूपी चुनाव का पूरा दारोमदार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के कंधों पर है। पार्टी ने प्रियंका गांधी को पूरी तरह से छूट दी है। वहीं कांग्रेस ने राज्य में किसी भी सियासी दल के साथ चुनावी गठबंधन नहीं किया है। कांग्रेस कुछ प्रत्याशियों के नाम का भी ऐलान कर चुकी है। जबकि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे गए हैं।

लिहाजा सूची में कुछ फेरबदल संभव है। माना जा रहा है कि, कल होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 40 से 50 विधानसभा सीटों के उम्‍मीदवारों के नामों पर विचार होगा। हालांकि लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रियंका गांधी ने यूपी में कांग्रेस के प्रचार की कमान संभाली थी।

पिछले दिनों पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में हुई राज्‍य चुनाव समिति की बैठक में ये तय किया गया था कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए उम्‍मीदवारों के नाम की पहली सूची जल्‍द जारी कर दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में सम्‍भावित उम्‍मीदवारों के पैनल पर सिलसिलेवार ढंग से विचार किया है। सम्‍भावित उम्‍मीदवारों के नामों की सूची लगभग तैयार थी लेकिन इस बीच प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान भी कर दिया है।

Exit mobile version