Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

संवैधानिक अधिकारों के दमन के खिलाफ संघर्ष करेगी कांग्रेस : लल्लू

ajay kumar lallu

ajay kumar lallu

पेगासस साफ्टवेयर के जरिये केन्द्र सरकार पर जासूसी और निजता के अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों के दमन के खिलाफ उनकी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

पार्टी प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने गुरूवार को बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की कड़ी में लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। श्री लल्लू एवं विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना समेत प्रदेश के अन्य नेताओं को प्रदर्शन से रोकने के लिए हाउस अरेस्ट कर लिया गया जिसकी सूचना पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं की भीड़ सुबह से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर जुटना शुरू हो गई।

बाद में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन के लिये स्वास्थ्य भवन कैसरबाग से राजभवन तक मार्च के लिए जाते समय पुलिस से झड़प हुयी और श्री लल्लू को गिरफ्तार कर इको गार्डन ले जाया गया। श्रीमती अराधना मिश्रा मोना, विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह व पूर्व सांसद राकेश सचान, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला एवं सतीश अजमानी सहित अन्य नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ जासूस पार्टी बनकर रह गई है और तानाशाही से लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है, देश-प्रदेश का जनमानस आश्चर्यचकित है कि क्या काम सौंपा था वोट देकर भाजपा को, और भारतीय जनता पार्टी सत्ता में पहुंचने के बाद तानाशाही रवैया से लोगों के अधिकारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जासूसी कराकर निजता पर डाका डाल रही है

उन्होने कहा कि जो भी जनता की आवाज उठाता है सच दिखाता है उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। पत्रकारों को पीटा जा रहा है मुकदमे लिखे जा रहे हैं लेकिन कांग्रेसी इस जुल्मी सरकार से डरने वाले नही है। श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में इस तानाशाह भाजपा सरकार की तानाशाही को लेकर जनता के बीच जाएंगे और 2022 में प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।

Exit mobile version