Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

दिल्ली सहित आठ राज्यों में फिर लौटा कोरोना का कहर

कोरोना का कहर

कोरोना का कहर

नई दिल्ली। देश के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आठ राज्यों में कोरोना का कहर फिर लौट आया है। दिल्ली में गुरुवार को 24 घंटे में मिले नए संक्रमितों की संख्या छह सौ से ज्यादा रही है तो महाराष्ट्र में 24 घंटे में मिले संक्रमितों की संख्या 25 हजार से ऊपर पहुंच गई।

पंजाब में संक्रमितों की संख्या दो हजार से ऊपर रही तो मध्य प्रदेश में भी नौ सौ से ज्यादा संक्रमित मिले। देश में लगातार दूसरे दिन 36 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले और देश में एक्टिव केसेज की संख्या दो लाख 65 हजार से ज्यादा हो गई। राजधानी दिल्ली में बढ़ते केसेज को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक की और वैक्सीनेशन अभियान तेज करने का निर्देश दिया। आठ राज्यों में संक्रमण की दर बढ़ रही है।

गुरुवार को देर रात तक पूरे देश में 38,056 नए मामले आए थे, जिसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 15 लाख 12 हजार 358 पहुंच गई थी। गुरुवार को 24 घंटे में 18 हजार से ज्यादा एक्टिव केस बढ़े और देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़ कर दो लाख 66 हजार से ज्यादा हो गई। देश के सर्वाधिक संक्रमित राज्य महाराष्ट्र में गुरुवार को रिकार्ड संख्या में 25,179 नए मरीज मिले, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 23 लाख 96 हजार 340 हो गई। राज्य में 58 लोगों की मौत भी हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 53,138 हो गई। गुरुवार को महाराष्ट्र में 12,174 मरीज ठीक हुए। इस तरह 24 घंटे में 13 हजार के करीब एक्टिव केस बढ़ गए। महाराष्ट्र में एक लाख 66 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हो गए हैं।

ममता बनर्जी ने कहा- हम नहीं देखना चाहते हैं मोदी का चेहरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को नए संक्रमितों की संख्या छह सौ से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 607 नए केस आए। दिल्ली में एक्टिव केसेज की संखअया 2,924 हो गई है, जो फरवरी में गिर कर एक हजार के करीब रह गई थी। पंजाब में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन नए मरीजों की संख्या दो हजार से ऊपर रही। राज्य में 2,369 नए मामले आए और 32 लोगों की मौत हुई। राज्य में एक्टिव केस 14,366 हो गए हैं। मध्य प्रदेश में गुरुवार को 917 नए संक्रमित मिले और पांच सौ लोग इलाज से ठीक हुए। राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 6,032 हो गई।

गुरुवार को केरल में 1,899 नए केसेज आए और 2,119 लोग इलाज से ठीक हुए। वहां एक्टिव केसेज की संख्या 25 हजार से थोड़ी ज्यादा है। गुरुवार को गुजरात में संक्रमितों की संख्या लगातार दूसरे दिन एक हजार से ऊपर रही। राज्य में 1,276 नए मामले आए, जबकि इसी अवधि में 899 लोग इलाज से ठीक हुए। दक्षिण के राज्यों कर्नाटक और तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। कर्नाटक में 1,488 नए केस मिले, जबकि सिर्फ 321 लोग इलाज से ठीक हुए। राज्य में आठ लोगों की मौत भी हुई। तमिलनाडु में 989 मरीज आए और 569 मरीज इलाज से ठीक हुए। हरियाणा में गुरुवार को 633 नए मरीज मिले।

Exit mobile version