Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भारत में कोरोना वायरस के महज 22 दिन में बढ़ गए 6 लाख से ज्यादा केस

कोरोना वायरस

कोरोना वायरस

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोना वायरस के केस बढ़ते ही जा रहे हैं। दुनिया के जिन कुछ देशों में कोरोना बेलगाम बना हुआ है, उनमें भारत भी शामिल है। भारत में कोविड-19 के कुल 12 लाख केस सामने आ चुके हैं। यह दुनिया के कुल केस का करीब 8 फीसदी है। दुनिया में फिलहाल करीब 1.51 करोड़ केस हैं। सबसे अधिक केस अमेरिका में हैं। भारत तीसरे नंबर पर है। दुनिया में तकरीबन 6.20 लाख लोग इस महामारी के कारण जान गंवा चुके हैं। इनमें से करीब 29 हजार भारतीय हैं।

अक्टूबर-नवंबर तक आ सकती है कोरोना वैक्सीन

कोरोना का कहर किस कदर बढ़ रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस समय रोज तकरीबन सवा 2 लाख केस आ रहे हैं। भारत में ही रोजाना करीब 40 हजार केस आने लगे हैं। कोविड 19 इंडिया के मुताबिक बुधवार को शाम 7 बजे तक देश में करीब 10 हजार केस आ चुके थे। इसके साथ ही देश में कुल केस का आंकड़ा 12 लाख पार कर गया।

शुक्रवार को 13 लाख केस होंगे भारत में

भारत में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 16 जुलाई के बाद से तकरीबन रोज 35 हजार से अधिक केस आ रहे हैं। 19 जुलाई को देश में 40 हजार से अधिक केस आए थे। इस रफ्तार को देखकर कहा जा सकता है कि बुधवार को 12 लाख केस का आंकड़ा पार करने वाला हमारा देश शुक्रवार को 13 लाख केस पार कर जाएगा।

जुलाई में 6 लाख केस बढ़े

भारत में कोरोना वायरस के केस 30 जून को 5.85 लाख थे। अब यह आंकड़ा 12 लाख पार कर गया है। यानी, महज 22 दिन में देश में 6.15 लाख से ज्यादा केस बढ़ गए हैं। जुलाई की शुरुआत में ही दुनिया ने एक करोड़ केस का आंकड़ा छुआ था और अब यह डेढ़ करोड़ को पार कर गया है।

7.60 लाख लोगों ने कोरोना को हराया

देश में अब तक 7.60 लाख लोग इस महामारी को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं, जिन्हें रिकवर केस में गिना जा रहा है। भारत में रिकवरी रेट 63 फीसदी से ज्यादा है, जो दुनिया की औसत से बेहतर है। देश में करीब 4.13 लाख लोग अब भी संक्रमित हैं। देश में 28,875 लोग कोरोना के कारण जान गंवा चुके हैं।

भारत समेत 3 देशों में 49 फीसदी केस

कोरोना का कहर दुनियाभर में है। ऐसे में यह तथ्य हैरान करने वाला है कि इसके तकरीबन आधे केस सिर्फ तीन देशों में हैं। दुनिया में इस समय 1.51 करोड़ केस हैं। इनमें से अमेरिका में 40.30 लाख, ब्राजील में 21.66 लाख और भारत में 12.03 लाख केस हैं। यानी, इन तीन देशों में करीब 74 लाख केस हैं। यह दुनिया के कुल केस का करीब 49 फीसदी है। भारत में दुनिया के 8 फीसदी केस हैं।

Exit mobile version