Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मां-बेटी के साथ गैंगरेप के मामले में आरोपित पार्षद गिरफ्तार

Arrested

arrested

मुरादाबाद। थाना मझोला पुलिस ने मां-बेटी के साथ गैंगरेप (Gang Rape) के मामले में आरोपित पार्षद सद्दाम हुसैन को रविवार को गिरफ्तार (Arrested) कर लिया। साथ ही पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले में 12 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया था कि पार्षद ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर दुकान और जमीन की रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म भी किया। कुछ दिनों बाद पार्षद और उसके साथियों ने नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पार्षद और उसके पिता के खिलाफ और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता के अनुसार वह मूलरूप से दिल्ली की निवासी है। कुछ साल पहले उसका निकाह मुरादाबाद थाना मझोला क्षेत्र के मियां कालोनी निवासी युवक के साथ हुआ था। दोनों में विवाद होने के बाद पति ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया था। इस दौरान महिला और उसकी नाबालिग बेटी को मदद का भरोसा देकर पार्षद ने अपने घर में रख लिया था।

आरोप है कि पार्षद सद्दाम हुसैन के पिता सफीन ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद पार्षद और उसके पिता ने मिलकर जबरन महिला के नाम पर दर्ज जमीन और दुकानों की रजिस्ट्री अपने नाम पर करा ली। इसके बाद पिता-पुत्र के साथ ही दोस्त रेहान पाशा, पार्षद के भाई मोनिश ने सामूहिक रूप से बंधक बनाकर मां-बेटी के साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने रामपुर और मुरादाबाद जनपद के आठ लोगों से प्रॉपर्टी के लिए 80 लाख रुपये तक की रकम वसूल की है। पीड़िता की तहरीर पर मझोला पुलिस ने पार्षद सद्दाम हुसैन, पिता सफीन, भाई मोनिश, मां शन्नो, दोस्त रेहान पाशा के साथ आठ अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है।

सिविल लाइंस के सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Exit mobile version