Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

क्रिकेटर राशिद खान ने विश्व के नेताओं से की भावुक अपील, हमें मरने के लिए ना छोड़े

अफगानिस्तान में मौजूदा हालात काफी खराब हो गए हैं, जहां तालिबान और सरकारी सैन्य बलों के बीच भीषण युद्ध जारी है। तालिबान ने देश के बाहरी हिस्सों पर कब्जा कर लिया है और अब प्रातों की राजधानियों की ओर बढ़ रहा है।

हालात ये हैं कि तालिबान ने अफगानिस्तान के 80 प्रतिशत हिस्से पर या तो कब्जा कर लिया है या इसके लिए युद्ध जारी है। अमेरिकी सेना की वापसी के बाद से हालत काफी खराब है। अब अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने दुनिया के नेताओं से अपने देश के लोगों के लिए भावुक अपील की है।

22 साल के स्टार स्पिनर राशिद ने अपने ट्विटर अकाउंट से मार्मिक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘दुनिया के नेताओं, मेरा देश मुश्किल में है। बच्चों और महिलाओं समेत हजारों निर्दोष लोग हर रोज शहीद हो जाते हैं, घर और संपत्ति नष्ट हो जा रही है।’

लाल चौक पर आतंकियों ने किया ग्रेनेड हमला, 5 लोग घायल

भारत की आईपीएल, पाकिस्तान की पीएसएल, ऑस्ट्रेलिया की बीबीएल समेत दुनिया भर की कई फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने वाले इस लेग स्पिनर ने आगे लिखा कि लोग शांति चाहते हैं। राशिद ने लिखा, ‘हमलों के चलते हजारों परिवार विस्थापित हो जाते हैं। हमें संकट में मत छोड़ो। अफगानों को मारना बंद करो और अफगानिस्तान को नष्ट मत करो। हम शांति चाहते हैं।’

अफगानी सरकारी सैन्यबलों और तालिबान के बीच युद्ध में कई परिवार बेघर हो गए हैं और बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं को भी निशाना बनाया गया है। बच्चों को हथियारबंद संगठनों में जबरन भर्ती तक किया जा रहा है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ की अफगानिस्तान में प्रतिनिधि हर्वे लूडोविच के बयान में कहा गया है कि बीते 72 घंटों में अफगानिस्तान में 20 बच्चों की मौत हुई है और 130 घायल हुए। वहीं, यूएनएचसीआर के मुताबिक, बीते महीने में अफगानिस्तान में 35 हजार से ज्यादा परिवार बेघर हुए हैं।

Exit mobile version