Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

CWG 2026: CM धामी ने उत्तराखंड के पदक विजेताओं और प्रशिक्षकों का किया सम्मान

CM Dhami

CM Dhami

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।

सम्मानित खिलाड़ियों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक, रुड़की) और जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक, देहरादून) शामिल रहीं। वहीं प्रशिक्षकों में शुभम जुयाल के कोच राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चंद्र शर्मा और पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल (हल्द्वानी) को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और वर्षों का निरंतर अभ्यास होता है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करना है। इसके लिए आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति तथा विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को विशेष प्रोत्साहन देकर उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं। सरकार खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जोड़ते हुए खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे तथा उत्तराखंड के युवा भविष्य में खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version