Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

खून से लथपथ बंदर का शव मिला, गोली मारकर हत्या

monkey

monkey

फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्र अन्तर्गत गुरुवार को खून से लथपथ एक बंदर (monkey) का शव खेत मे मिला है। बंदर की किसी अराजकतत्व ने एयरगन से गोली मारकर हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है।

मटसेना थाना क्षेत्र के गांव दौकेली के ग्रामीण बृहस्पतिवार सुबह खेतों पर गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव नगला मुल्ला और दौकेली के बीच एक खेत में बंदर का शव खून से लथपथ पड़ा देखा तो वह सन्न रह गये। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने मटसेना थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली। बंदर की गोली मारकर हत्या की गई है लेकिन बंदर की हत्या करने वाले के बारे में कोई ठोस जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है। पुलिस ने बंदर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

इस सम्बंध में थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय का कहना है कि बंदर की हत्या एयरगन से गोली मारकर की गई है। घटना के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ होने की आशंका है। पुलिस जांच कर रही है। अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।

Exit mobile version