Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की समय सीमा बढ़ायी गयी: केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि समूचे राज्य में सड़कों को पूरी तरह से गड्ढा मुक्त बनाने के अभियान की समयसीमा 15 दिन बढ़ा दी गयी है।

मौर्य ने बातचीत में कहा कि राज्य में सड़कों को पूरी तरह से गड्ढा मुक्त करने के लिये लोकनिर्माण विभाग ने 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। जिससे इस अभियान को प्रभावी तौर पर मुकम्मल किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि मौर्य राज्य के लोकनिर्माण विभाग के मंत्री भी हैं। लखनऊ से वाराणसी जाते समय मौर्य का जौनपुर में पीडब्ल्यूडी चौराहे पर पार्टी के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उन्होने कहा कि सपा और बसपा की सरकार में कागजों पर सड़के बनायी जाती थी, हकीकत में जमीन पर कुछ भी काम नहीं होता था।

राज्य में रासायनिक खाद की किल्लत से किसानों को हो रही परेशानी के सवाल पर मौर्य ने कहा कि इस समय प्रदेश में रासायनिक खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के नेताओं द्वारा इस बारे में झूठा प्रचार किया जा रहा है। मौर्य ने कहा कि जिन स्थानों पर खाद की उपलब्धता में मामूली कमी आयी वहां तत्काल कमी को पूरा कर दिया गया। सच्चाई यह है कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

चुनावी तैयारियों से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का विश्वास व्यक्त करते हुये कहा कि 2022 में 300 से अधिक सीटें हासिल कर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से फिर सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ सबका विकास साथ सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर चल रही है। बिना किसी भेदभाव के राज्य में सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा कि विरोधी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिये इन दलों के नेता सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लैंड करेगा लड़ाकू विमान राफेल, पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण

मौर्य ने भाजपा सरकार द्वारा अपने सभी वायदे पूरे करने का दावा करते हुये कहा कि गरीबों को मार्च 2022 तक मुफ्त अनाज दिया जा रहा है , इसके साथ ही इसमें एक किलो दाल, एक किलो तेल और एक किलो नमक की दिया जा रहा है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे सभी ने माल्यार्पण कर उप मुख्यमंत्री मौर्य का स्वागत किया।

Exit mobile version