अयोध्या। रामनगरी में इस बार दीपोत्सव (Deepotsav) और भी भव्य होने वाला है। पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) के दूसरे कार्यकाल के पहले राम नगरी में दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी में जुट चुका है। इस बार दीपोत्सव (Deepotsav) के मौके पर 14 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि यह छठा दीपोत्सव होगा। पिछले 5 वर्षों में दीपोत्सव के दरमियान अवध विश्वविद्यालय ने 4 विश्व रिकार्ड स्थापित किए हैं। अवध विश्विद्यालय एक बार फिर अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ कर नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी में है।
दरअसल, रामगनरी में दीपोत्सव (Deepotsav) को लेकर अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राम की पैड़ी पर साफ सफाई काम शुरू हो गया है। दीपोत्सव मनाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को विश्व के मानचित्र पर स्थापित कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के पहले दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। राम की पैड़ी पर विस्तारित किए गए नए घाटों पर भी दीपक जलाए जाएंगे। दीपोत्सव को लेकर लोग उत्साहित हैं क्योंकि रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। ऐसे में दीपोत्सव के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की भी उम्मीद जताई जा रही है। इस बार लेजर शो, वाटर शो, आतिशबाजी और विदेशी रामलीला का मंचन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगा।
गलियों में गुम हो चुके मंदिरों को दुनिया के सामने लाएगी योगी सरकार
नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि दीपोत्सव पिछली बार भी ऐतिहासिक हुआ था और इस बार भी और ऐतिहासिक होगा। 2022 में दोबारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो सरकार बनी है, इस बार बहुत उत्साह है, उमंग है और अयोध्या वासी, संत-महंत और पूरे देश दुनिया के लोग इस ऐतिहासिक पल को देखना चाहते हैं। निश्चित रूप से इस बार 14 लाख दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। हर चौराहे को सजाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। एलईडी टीवी के माध्यम से चौराहों पर उन कार्यक्रम का प्रसारण होगा। इस तरह से भव्य और दिव्य दीपोत्सव होगा।
ऐसा दिखेगा रामलला का गर्भगृह, सामने आई राम मंदिर निर्माण की तस्वीरें
पर्यटन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि शुरू से ही पर्यटन विभाग इस आयोजन का मुख्य रूप से कर्ताधर्ता रहा है और अभी भी पर्यटन विभाग मुख्य भूमिका में है। दीपोत्सव में टेंट का काम होता है, लेजर शो होता है, फायर वर्क होता है या फिर सरयू आरती होती है। इन सारे कामों को पर्यटन विभाग कराता है। निदेशालय के माध्यम से टेंडर निकल गया है। शिल्पा हॉट लगाने की मीटिंग हुई थी, उसके लिए जगह खोजी जा रही है। जगह मिलते ही उसको लगाया जाएगा।