Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भारी बारिश में धंसा देहरादून-मसूरी मार्ग, अग्रिम आदेशों तक बंद

Dehradun-Mussoorie road caves in due to heavy rain

Dehradun-Mussoorie road caves in due to heavy rain

मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग (Dehradun-Mussoorie Road) पर पानी वाले बैंड के पास हुए भारी भूस्खलन और सड़क धंसने के बाद जिला प्रशासन ने मार्ग को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया है। जिला प्रशासन के अनुसार सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से किसी भी समय और भू-धंसाव की आशंका के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल मसूरी आने-जाने के लिए किमाड़ी मार्ग का उपयोग किया जा रहा है।

सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से सड़क के नीचे का हिस्सा कट गया और सड़क में बड़ी दरारें पड़ गईं। पहले सीमित रूप से वन-वे व्यवस्था के तहत यातायात संचालित किया जा रहा था, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ने पर प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत मार्ग पर सभी प्रकार की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2025 की आपदा के बाद इसी स्थान पर सड़क सुरक्षा के लिए लाखों रुपये खर्च कर पुश्ते और सुरक्षात्मक निर्माण कार्य किए गए थे। पहली ही बड़ी बारिश में सुरक्षा दीवार और सड़क के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इस बीच पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले बने निर्माण कार्य का पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होना गंभीर लापरवाही और संभावित अनियमितताओं की ओर संकेत करता है। उन्होंने दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की।

मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में और बारिश की संभावना जताए जाने के बीच प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। सड़क की मरम्मत और क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही मार्ग पर यातायात बहाल किए जाने का निर्णय लिया जाएगा।

Exit mobile version