Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लोकतांत्रिक शब्द भाजपाई शब्दकोष में नहीं : अखिलेश यादव

Akhilesh

Akhilesh

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि देश की ऊर्जा और जनशक्ति सरकार की जनविरोधी नीतियों और योजनाओं के विरोध में बर्बाद हो रही है।

श्री यादव ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि मंत्रणा, सम्मति, मशवरा, परामर्श, विचार-विमर्श, संयुक्त निर्णय और सामूहिक बैठक ये लोकतांत्रिक शब्द भाजपाई शब्दकोष में नहीं है। तभी बार-बार मनमानी भरे फैसले थोपे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में जनता आंदोलित है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बुलडोजर से लोग त्रस्त हैं। विवादित बोल पर आक्रोश थमा नहीं था कि ‘अग्निपथ‘ खून से लथपथ दिखने लगा है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में समाजवादी सरकार ने जो प्रयास अपने शासनकाल में किये थे, उन पर भाजपा सरकार पानी फेरने का ही काम कर रही है। समाजवादी सरकार के विकास कार्यों का नाम और रंग बदलने के अलावा और कुछ भाजपा सरकार ने किया ही नहीं है।

‘अग्निपथ’ खून से लथपथ दिखने लगा: अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश की बदनामी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पहले कभी नहीं हुआ अब हिरासत में मौतों के मामले में यूपी नम्बर वन है। मानवाधिकार हनन में अव्वल तथा दलित उत्पीड़न में सबसे आगे है। पुलिस थाने अपराध और भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। मुख्यमंत्री भले ही ‘सर्वत्र कुशल मंगल‘ के गीत गाते रहे हैं परन्तु उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और विधायक उनके थोथे दावों का उपहास उड़ा रहे हैं।

Exit mobile version