Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लोक कल्याण के लिए समर्पित रहा देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी का जीवनः सीएम धामी

CM Dhami

CM Dhami

हरिद्वार। मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी देवेन्द्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज का जीवन सनातन धर्म के संरक्षण एवं लोक कल्याण के लिए समर्पित रहा।

भीमगोड़ा स्थित श्री जयराम आश्रम में आयोजित ब्रह्मलीन स्वामी देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज की अष्टादश पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने हमेशा निःस्वार्थ भाव से जनसेवा में योगदान किया। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अपने गुरु के पदचिन्हों पर चलते हुए स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज समाज की सेवा के साथ सनातन धर्म और संस्कृति के उत्थान में योगदान कर रहे हैं।

योग गुरु स्वामी रामदेव महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज एक युगपुरुष और सनातन संस्कृति के पुरोधा थे। जिन्होंने धर्म के साथ-साथ चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणीय भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान प्रदान किया। ऐसे महापुरुषों को संत समाज सदैव नमन करता है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि महापुरुषों का जीवन त्याग और तपस्या को समर्पित रहता है और ब्रह्मलीन स्वामी देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज तो विलक्षण प्रतिभा के धनी संत थे। जिन्होंने सदैव भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए समाज को जागृत किया। उन्हीं के आदर्शो को अपनाकर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज शिक्षा चिकित्सा सहित सेवा के कई क्षेत्रों में अपना अहम योगदान प्रदान कर रहे है। जो संत समाज के लिए गर्व का विषय है।

अखिलेश पहले परिवार जोड़े फिर भाजपा को तोड़ने की सोंचे: भूपेंद्र चौधरी

जयराम पीठाधीश्वर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग गुरु स्वामी रामदेव, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी सहित सभी संतों का फूलमाला पहनाकर व पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और कहा कि संतों की कृपा से वे गुरु के अधूरे कार्यों को पूरा करते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि महापुरुष मात्र शरीर त्यागते हैं। समाज उत्थान के लिए उनकी शिक्षाएं अनंत काल तक समाज का मार्गदर्शन करती रहती हैं।

आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि संत समाज ने सदैव राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोकर उन्नति की ओर अग्रसर किया है। कार्यक्रम में मशहूर हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने संतों व श्रद्धालुओं को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. शिवशंकर मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिस्वरानंद, विधायक मदन कौशिक, महंत साधनानंद, बाबा हठयोगी, महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, महंत देवानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद देव, महंत शिव शंकर गिरी, स्वामी ऋषि रामकृष्ण सहित बड़ी संख्या में संत महंत उपस्थित रहे।

Exit mobile version