Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य को दी बधाई, तो सिंधिया बोले- आपका है आशीर्वाद

दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य को दी बधाई

दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य को दी बधाई

नई दिल्ली। संसद में बजट सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। इस दिन विपक्षी पार्टियों द्वारा किसान आंदोलन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा गया है। सदन में आज हंसी मजाक का भी माहौल देखने को मिला है। एक ऐसा ही किस्सा तब देखने को मिला जब राज्यसभा में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह के साथ किया। इस दौरान सिंधिया ने दिग्विजय सिंह के आगे हाथ जोड़ लिया।

बता दें कि आम बजट और कृषि कानूनों पर सिंधिया ने मोदी सरकार की तारीफ की और ऐसे समय पर उन्होंने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष भी किया है। इस दौरान संसद में दिग्विजय सिंह बोलने के खड़े हुए और उन्होंने कहा कि सभापति महोदय, मैं सिंधिया जी को बधाई देना चाहता हूं कि यूपीए सरकार का पक्ष वह जितनी अच्छे तरीके से रखते थे, उतने ही अच्छे तरीके से वे भाजपा का पक्ष रख रहे हैं। वाह महाराज वाह।

अंतरा सिंह के नए वीडियो ‘पटना के घाघरा 52 गज के’ ने रिलीज होते ही मचाई धूम

दिग्विजय सिंह द्वारा ऐसा कहे जाने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया मुस्कुराने लगे। साथ ही उन्होंने हाथ जोड़ लिया और दिग्विजय सिंह से कहा कि सब आपकी ही आशीर्वाद है। इस पर दिग्विजय सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि हमारा आशीर्वाद हमेशा आपके साथ था है और रहेगा चाहे आप जहां भी रहें जिस भी पार्टी में रहें आपके साथ आशीर्वाद रहेगा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नए कृषि कानूनों का बचाव करते हुए कहा कि किसान देश के लिए रीढ़ की हड्डी और अन्नदाता हैं। वह अपना ही नहीं पूरे विश्व का पेट भरते हैं। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून इसलिए लाए गए ताकि उनकी प्रगति हो सके। उन्होंने कहा कि देश को राजनीतिक आजादी करीब 70 साल पहले मिल गयी थी, लेकिन किसानों को उनकी वास्तविक आजादी नहीं मिल पायी। भाजपा नेता ने कहा कि नए कृषि कानूनों से किसानों को आजादी मिल सकेगी और वे देश भर में कहीं भी अपनी उपज बेच सकेंगे जिससे उनकी आय भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ 11 बार संवाद हुआ है और सरकार ने 18 महीने कानून स्थगित करने की भी बात की है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंधिया ने किया कांग्रेस पर हमला

उन्होंने इस क्रम में कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि पार्टी ने 2019 में अपने चुनावी घोषणा पत्र में कृषि सुधारों का वायदा किया था। इसके अलावा राकांपा नेता और तत्कालीन संप्रग सरकार में कृषि मंत्री शरद पवार ने 2010-11 में हर राज्यों के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कृषि क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी को अनिवार्य बनाने संबंधी बात की थी। सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जुबान बदलने की आदत बदलनी होगी… जो कहें, उस पर अडिग रहें।’

भाजपा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोरोना पर भी कांग्रेस को घेरा

भाजपा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण पिछला साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा समय से उठाए गए कदमों से स्थिति में काफी सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि महामारी से मुकाबला करने के लिए प्रधानमंत्री ने सभी प्रयासों को एक ही मुट्ठी में बांधा और युद्धस्तर पर नीति तैयार की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ न सिर्फ भारत में बल्कि साझा विश्व अभियान का भी नेतृत्व किया।

उन्होंने कहा कि समय से उठाए गए कदमों के कारण भारत महामारी के दूसरे चरण से बच गया और लाखों जानें बच सकीं। महामारी पर काबू पाने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की चर्चा करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 60 दिनों के अंदर भारत ने महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की और पीपीई किट का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया। साल भर के अंदर देशी टीका तैयार कर लिया गया।

Exit mobile version