Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल संभालेंगे कमान

Dr. Bhupesh Kumar Goyal appointed Vice-Chancellor of Mahayogi Gorakhnath University.

Dr. Bhupesh Kumar Goyal appointed Vice-Chancellor of Mahayogi Gorakhnath University.

गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (Mahayogi Gorakhnath University), गोरखपुर को नया कुलपति मिल गया है। भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (AFMS) के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रख्यात चिकित्सक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल (Bhupesh Kumar Goyal) को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव द्वारा नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 तथा विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम की धारा 2.04(क) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद डॉ. भूपेश कुमार गोयल की नियुक्ति की गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। उनकी स्वीकृति के उपरांत यह नियुक्ति विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

डॉ. भूपेश कुमार गोयल भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा के अत्यंत अनुभवी अधिकारी रहे हैं। सेवानिवृत्ति से पूर्व उन्होंने महानिदेशक (ऑर्गेनाइजेशन एंड पर्सोनल) के रूप में कार्य करते हुए 14 हजार से अधिक अधिकारियों के मानव संसाधन प्रबंधन, संगठनात्मक पुनर्गठन तथा प्रशासनिक नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इससे पहले वे पुणे स्थित 1082 बेड के कमांड हॉस्पिटल (सदर्न कमांड) के कमांडेंट रहे तथा दिल्ली, बागडोगरा सहित देश के कई प्रमुख सैन्य अस्पतालों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।

चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में उन्हें 35 वर्षों से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप 28 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव प्राप्त है। उन्होंने 11 महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं का सफल संचालन किया है तथा उनके 28 शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विशेषज्ञ वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं।

डॉ. गोयल की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं को देखते हुए उन्हें वर्ष 2024 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा ‘अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM)’ तथा वर्ष 2011 में ‘विशिष्ट सेवा पदक (VSM)’ से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में कमांड हॉस्पिटल, पुणे को रक्षा मंत्री ट्रॉफी सहित कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुए।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. भूपेश कुमार गोयल के व्यापक प्रशासनिक अनुभव, उत्कृष्ट शैक्षणिक दृष्टिकोण, शोध क्षमता और चिकित्सा विशेषज्ञता के नेतृत्व में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सा प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

Exit mobile version