Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सर्दियों में लेना है स्नोफॉल का मजा, प्लान करें इन फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन का ट्रिप

Snowfall

Snowfall

सर्दियों (Winter) का मौसम जारी हैं जो घूमने के लिहाज से कई लोगों को बहुत पसंद आता हैं। सुहाने मौसम में घूमते हुए खाने-पीने का मजा लेना यादगार बनता हैं। अब जरा सोचिए कि आप घूम रहे हो और अचानक स्नोफॉल अर्थात बर्फबारी (Snowfall) होने लगे, तो यह नजारा किसी फिल्म से कम नहीं होता हैं।

कई बार स्नोफॉल (Snowfall) में दूसरों को आनंद लेते हुए वीडियो देखकर चाहत रखते हैं कि वे भी कभी ऐसा अहसास ले पाएं। अगर आप भी इस अहसास को जीना चाहते हैं, तो चले आइये यहां बताई जा रही टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर जो अपनी स्पेशल भारी बर्फबारी के लिए जानी जाती हैं। घर में शांति से बैठने की बजाए इस महीने यहां अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ घूमने के लिए निकल जाएं।

 

शिमला

स्नोफॉल का जिक्र होते ही हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का नाम सबसे पहले जहन में आता है। यह स्नोफॉल के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां के हरे भरे पहाड़, ऊंची चोटियां ठंड के दिनों में बर्फ से पूरी तरह ढंककर और भी खूबसूरत दिखते हैं। शिमला को लॉन्ग मून नाइट्स यानी लंबी चांदनी रातों का मौसम भी कहा जाता है। दिसंबर से फरवरी के बीच यहां बर्फबारी का आनंद लिया जा सकता है। इस मौसम में आप यहां स्कींग का भी मज़ा ले सकते हैं। शिमला में आइस स्केटिंग दिसंबर से फरवरी तक होती है।

गुलमर्ग

कड़ाके की ठंड का असली मजा लेना है तो जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग जाएं। इस जगह की सुंदरता ऐसी है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह हिल स्टेशन पश्चिमी हिमालय के पीर पंजाल रेंज में है। यहां आकर आप खुद को प्रकृति के करीब पाएंगे। स्नो स्पोर्ट्स का अनुभव करने के लिए ये जगह एकदम परफेक्ट है। यहां आप स्नोफॉल के अलावा स्कीइंग और केबल कार राइडिंग का मजा ले सकते हैं। ये जगह भारत के बेस्ट स्नोफॉल डेस्टिनेशन में से एक है।

लेह-लद्दाख

अगर आपको सही मायने में ऐसी सर्दी देखनी है जो एडवेंचर से कम नहीं हो तो इस दौरान लद्दाख जाएं। वैसे लद्दाख के कई सारे स्पॉट्स इस दौरान बंद हो जाते हैं, लेकिन लेह सिटी और इसके आस-पास की जगहें देखने को मिलती हैं। यहां आप सीधे फ्लाइट के जरिए जा सकते हैं, लेकिन ये मौसम पर ही निर्भर करता है कि आप कैसे जा पाएंगें। पर यकीन मानिए कि लेह सर्दियों में किसी जन्नत से कम नहीं लगता है। यहां आपको अप्रैल तक बर्फ देखने को मिलेगी और अक्टूबर से ही यहां पर बर्फबारी शुरू हो जाती है।

कुल्लू

कुल्लू बिना किसी शक के प्रकृति से घिरा हुआ स्वर्ग है और अगर आपको कभी भी सर्दियों के दौरान इस स्थान पर जाने का मौका मिले, तो आप सच में बेहद लक्की होंगे। इसके अलावा, अगर आप सर्दियों में हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी देखने के लिए तरस रहे हैं, तो आज ही दोस्तों के साथ यहाँ जाने का प्लान बना लें। बस इस बात का ध्यान दें कि ये जगह सर्दियों में काफी ठंडी हो जाती है, यहां आप कई तरह की एडवेंचर एक्टिविटीज भी कर सकते हैं।

चोपता

चोपता सदाबहार जंगल से घिरी एक सुंदर घाटी है। यह उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ वाइल्ड लाइफ का एक हिस्सा है। यहां आप जंगल के साथ-साथ बर्फबारी का भी मजा ले सकते हैं। जनवरी के मौसम में यहां इतनी ज्यादा बर्फबारी होती है कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। यहां पहुंचने के लिए आप देवरिया ताल का रास्ता चुन सकते हैं।

मनाली

अगर आप उनमें से हैं जो बहुत ज्यादा ठंडे माहौल में नहीं जाना चाहते हैं, लेकिन फिर भी बर्फबारी का मज़ा लेना चाहते हैं तो मनाली जाएं। मनाली शहर सर्दियों में बर्फबारी से ढक जाता है और यहां पर आस-पास घूमने की कई जगहें हैं। मनाली का हिडिंबा देवी मंदिर, मनाली सेंचुरी, माल रोड आदि बहुत खूबसूरत हैं। अब तो ये अटल टनल के लिए भी प्रसिद्ध हो गया है जो रोहतांग पास तक ले जाता है। हालांकि, ये रोड यात्रा करने से पहले एक बार मौसम का हाल जरूर ले लीजिएगा।

मैक्लोडगंज

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी देखने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक होने के लिए लोकप्रिय मैक्लोडगंज एक ऐसी जगह है, जहां से आप बिना बर्फ देखें कभी निराश होकर नहीं जाएंगे। यहां पर्यटक राजसी पर्वत चोटियों, और सर्दियों के महीनों में बर्फ से ढकी घाटियों के लुभावने दृश्यों का आनंद लेने के लिए आते हैं। आप मैक्लोडगंज में त्रिउंड पहाड़ियों के पहाड़ों पर ट्रेक करने का विकल्प भी चुन सकते हैं। सर्दियों के दौरान ये एक्टिविटी आपको हमेशा याद रहेगी।

तवांग

ये जगह लेह के बाद सबसे ठंडी जगहों में से एक मानी जा सकती है। हिंदुस्तान की ऐसी कुछ जगहों में से एक है जहां हमेशा ही सर्दी रहती है और हमेशा यहां का तापमान ठंडा रहता है। नवंबर से ही यहां 0 से नीचे तापमान होने लगता है। अगर आपको एडवेंचर पसंद है और ट्रेकिंग आदि के शौकीन हैं तो ये जगह बेस्ट साबित हो सकती है। भारत की सबसे अच्छी स्नोफॉल आपको यहां मिल सकती है।

Exit mobile version