Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नकली सीमेंट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड, एक गिरफ्तार

अयोध्या कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के रामपुर हलवारा में पुलिस ने नकली सीमेंट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड किया है। बुधवार को पुलिस ने सीमेंट की बोरी, सीमेंट बनाने के उपकरण बरामद करते हुए एक आरोपित शिव बहादुर यादव को गिरफ्तार किया है। जबकि चार अन्य आरोपित फरार होने में सफल रहे।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय प्रकरण का खुलासा करते हुए बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर व सीओ अयोध्या के पर्यवेक्षण मे 12 अक्टूबर की रात्रि में स्थानीय पुलिस टीम व स्वाट/सर्विलांस टीम तथा अल्ट्राटेक सीमेंट के अधिकारियों की संयुक्त टीम के द्वारा सूचना पर दबिश देकर मामले को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि अल्ट्राटेक, एसीसी व बिरला उत्तम सीमेंट की बोरी में नकली सीमेंट पैक होती थी। जिसकी अल्ट्राटेक सीमेंट के उपप्रबंधक हरजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी।

एसएसपी ने बताया कि मौके से पुलिस टीम को नकली सीमेंट से भरी 41 बोरी, डैमेज सीमेंट की 46 बोरी व अल्ट्राटेक व एसीसी सीमेंट की नकली खाली बोरियां तथा नकली सीमेंट बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। इसके अलावा आरोपित शिवबहादुर को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस नकली सीमेंट बनाने के धन्धे मे संलिप्त चार अन्य आरोपित मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। गिरफ्तार आरोपित शिवबहादुर यादव ने बताया कि यह गोदाम की बिल्डिंग रामरेन्द्र सिंह उर्फ मोनू की है। इसके अलावा प्रदीप पाण्डेय, कपिलदेव मिश्र, सुनील कुमार नकली सीमेंट बनाने का कार्य मेरे साथ करते हैं।

Exit mobile version