अन्ना जानवरों ने फसल नष्ट की, किसान ने कर ली आत्महत्या

महोबा। जिले के कबरई क्षेत्र में अन्ना जानवरों ने एक किसान के खेत की फसल नष्ट कर दी। इससे आहत होकर उस किसान ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली।

पुलिस उप अधीक्षक राम प्रवेश राय ने बताया कि गहरा गांव के निवासी 45 वर्षीय किसान पप्पू के 4 बीघा खेत में बोई गई मूंगफली की फसल को शनिवार की दोपहर अन्ना जानवर पूरी तरह चट कर गए। जिससे वह बुरी तरह दुखी हो गया।

मृतक के छोटे भाई किशोरी लाल के मुताबिक बची खुची फसल को समेट लाने के लिए पप्पू ने सुबह अपनी पत्नी और बच्चों को खेत पर भेज दिया और खुद घर में रुक गया। इसके बाद सूने मकान में अकेले रह गए पप्पू ने फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

राय ने बताया कि दोपहर बाद घर लौटी किसान की पत्नी ने उसे फांसी पर लटका देख चीख पुकार की तो ग्रामीण एकत्र हुए। इसके बाद प्रकरण की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। मृतक किसान के तीन बच्चे है। उसके परिवार की आय का एक मात्र स्रोत खेती ही है।

Exit mobile version