Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

फिल्म डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन, अजय देवगन को बनाया था स्टार

Kuku Kohli

Kuku Kohli

हिंदी सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक कुकू कोहली (Kuku Kohli) का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। कुकू कोहली का असली नाम संदेश कोहली था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

कुकू कोहली के करीबी दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की। उनके मुताबिक कुकू कोहली को अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अशोक पंडित ने बताया कि कुकू कोहली पूरी तरह फिट थे और उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी।

कुकू कोहली लंबे समय तक इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी भी रहे। उनके परिवार में पत्नी और मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी हैं। पहली पत्नी रीता कोहली से उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं।

‘फूल और कांटे’ से अजय देवगन को बनाया स्टार

कुकू कोहली ने 1991 में ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। फिल्म की सबसे खास पहचान अजय देवगन का दो चलती बाइकों पर पैर रखकर किया गया आइकॉनिक एंट्री सीन बना, जो आज भी बॉलीवुड के यादगार दृश्यों में गिना जाता है।

फिल्म सुपरहिट रही और अजय देवगन के साथ अभिनेत्री मधू को भी नई पहचान मिली। इस फिल्म ने अजय देवगन के करियर को शानदार शुरुआत देने में अहम भूमिका निभाई।

अजय-अक्षय की जोड़ी भी पहली बार साथ लाई

1994 में कुकू कोहली ने ‘सुहाग’ का निर्देशन किया। इसी फिल्म में पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी पर्दे पर साथ नजर आई। फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

इसके बाद उन्होंने ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। बतौर निर्देशक उनकी आखिरी फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ 2004 में रिलीज हुई थी।

एक्शन, ड्रामा और संगीत को कमर्शियल सिनेमा के अंदाज में पेश करने वाले कुकू कोहली का योगदान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Exit mobile version