Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

देहरादून के पैनेसिया हॉस्पिटल में भीषण आग, एक की मौत; दो की हालत गंभीर

Fire breaksout at Panacea Hospital

Fire breaksout at Panacea Hospital

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के हरिद्वार रोड पर स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल (Panacea Hospital) में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला (बीरावती) की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक जांच के मुताबिक, अस्पताल में आग एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर में जहरीला धुआं फैल गया।

हादसे के वक्त अस्पताल (Panacea Hospital) के सबसे संवेदनशील हिस्से यानी आईसीयू (ICU) में छह मरीज भर्ती थे। जैसे ही परिसर में धुआं फैलना शुरू हुआ, अस्पताल के स्टाफ, स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने गजब की तत्परता दिखाई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए आईसीयू में भर्ती सभी गंभीर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए तुरंत दूसरे नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आग की लपटों और दम घोंटने वाले धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे धुएं को बाहर निकाला। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद डोबाल भी तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।

एसएसपी प्रमोद डोबाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग को बुझा दिया गया है।

उन्होंने पुष्टि की कि सभी प्रभावित मरीजों और घायल कर्मचारियों को समय रहते अन्य चिकित्सालयों में भेज दिया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। प्रशासन अब अस्पताल (Panacea Hospital) के फायर सेफ्टी सिस्टम और घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

Exit mobile version