Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

चूल्हे से गैस पाइप फटने से लगी भीषण आग, सात महिलाएं सहित आठ लोग घायल

इटावा। बरात जाने की तैयारी में घर में हलचल थी। आंगन में बने मंडप के नीचे निकरोसी की रस्में चल रही थीं। पास में ही गैस चूल्हे पर खाना बन रहा था। कमरे में चढ़ावा रखा था। बरात करीब साढ़े 300 किमी दूर प्रयागराज जाने वाली थी, इसलिए सुबह-सुबह समय से तैयारियों में स्वजन से लेकर नाते-रिश्तेदार सभी व्यस्त थे। अचानक आंगन में आग का गोला उठा और भगदड़ मच गई। आग कैंटीन चूल्हे से गैस का पाइप हटने से लगी थी। पलक झपकते ही आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। इससे सात रिश्तेदार और एक स्वजन गंभीर रूप से जल गए। सभी को जिला अस्पताल से आयुर्विज्ञान विवि सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना फ्रेंड्स कालोनी थाना अंतर्गत शांति कालोनी की है। दूध का कारोबार करने वाले श्याम शर्मा के बड़े बेटे अंकित शर्मा की बरात प्रयागराज के रौ गांव जाने की तैयारी चल रही थी। मंडप के समीप कैंटीन चूल्हे पर खाना बन रहा था। चूल्हे से अचानक पाइप हटते ही गैस का रिसाव होता रहा और सुबह करीब आठ बजे आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन लाख से अधिक का चढ़ावा जल गया। इसके अलावा रिश्तेदारों का सामान भी जल गया।

खाना बनाने की व्यवस्था में महिलाएं जुटी थीं, इसलिए आग लगी तो जलने वाले आठ लोगों में सात महिलाएं और आग बुझाने की कोशिश में एक व्यक्ति था। इनमें दूल्हा अंकित की दादी, नानी, मौसी और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। अफरा-तफरी के बीच जब आग बुझाने में कामयाबी नहीं मिली तो भीगे हुए बोरे जलते हुए सिलिंडर पर डालकर उसको घर के बाहर गली में फेंका गया। दमकल आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को करीब नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में अंकित शर्मा नानी गोदावरी पत्नी रामशंकर जैनपुर नागर सिविल लाइन, मौसी किशोरी पत्नी ब्रजेश निवासी करसा, ठठिया कन्नौज, मौसा अजय शर्मा, बहन अंजलि तथा अन्य रिश्तेदारों में गीता पत्नी मेवालाल निवासी बंसतपुरा बालामऊ हरदोई, शिव देवी पत्नी बैजनाथ निवासी लखनऊ, सुनीता पत्नी अशोक निवासी बंसतपुरा बालामऊ हरदोई, ईशा पुत्री मनोज निवासी इब्राहीमगंज छिबरामऊ कन्नौज हैं।

Exit mobile version