Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

श्रीरामरचित मानस की प्रतियां जलाने के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

Shri Ramcharit Manas

Shri Ramcharit Manas

लखनऊ। राजधानी में बीते रविवार को श्रीरामचरित मानस (Shri Ramcharit Manas) के पन्नों की प्रतियां जलाई गई थी। इस मामले में देर रात को पीजीआई थाना में सपा के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्या सहित 10 नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने दावा किया है कि इस प्रकरण से जुड़े पांच लोगों की सोमवार सुबह गिरफ्तारी (Arrested) हुई है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, ऐशबाग निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला कार्य समिति सदस्य सतनाम सिंह उर्फ लवी की तहरीर पर पीजीआई थाना में देर रात को मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें उन्होंने कहा कि श्रीरामचरित मानस (Shri Ramcharit Manas) की प्रतियां जलाकर इन लोगों ने एक समुदाय की भावना को आहत किया है। हिंसा के लिए लोगों को उकसाने एवं कानून व्यवस्था को खराब करने का जानबूझ कर प्रयास किया जा रहा है।

सतनाम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने स्वामी प्रसाद मौर्या, देवेंद्र सिंह, यशपाल सिंह लोधी, सत्येंद्र कुशवाहा, महेंद्र प्रताप यादव, सुजीत यादव, नरेश सिंह, एसएस यादव, संतोष वर्मा, सलीम और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में आरोपित देवेंद्र सिंह, सलीम सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

रामचरित मानस विवाद में मायावती की एंट्री, बोलीं- सपा ने फिर दिखाया वही राजनीतिक रंग

उल्लेखनीय है कि सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने श्रीरामचरित मानस पर विवादित बयान दिया था। उनके समर्थन में रविवार को अखिल भारतीय ओबीसी महासभा ने वृंदावन योजना तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान पदाधिकारियों ने श्रीरामचरित मानस के कुछ पन्नों की प्रतियां जलाईं थीं।

पदाधिकारी देवेंद्र यादव का दावा था कि श्रीरामचरित मानस में कई चौपाइयों में जातियों के विषय में गलत बातें लिखी गई हैं। सरकार से अपील की, कि जब संविधान में संशोधन किया जा सकता है तो इन चौपाईयों को भी संशोधित किया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, प्रतियां जलाने को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

Exit mobile version