Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

दिल्ली में बाढ़ का साया, उफान पर यमुना नदी; एडवाइजरी जारी

Flood threat in Delhi, Yamuna river in spate

Flood threat in Delhi, Yamuna river in spate

नई दिल्ली: भारी बारिश के चलते यमुना ( Yamuna ) नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में रविवार को नदी का जल प्रवाह 1.78 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके चलते दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। आशंका जताई जा रही है कि राजधानी में यमुना ( Yamuna ) का जलस्तर आज रात तक 206 मीटर तक पहुंच सकता है।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस मॉनसून सीजन में पहली बार हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोले गए हैं। नदी में आए पानी के कारण जलस्तर मंगलवार तक 206 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। यह इस मौसम का सबसे अधिक जलस्तर माना जा रहा है।

सीडब्ल्यूसी ने जारी की एडवाइजरी

बढ़ते खतरे को देखते हुए रविवार को केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने बाढ़ संबंधी एडवाइजरी जारी की। इसमें सभी संबंधित एजेंसियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि 19 अगस्त तक यमुना का जलस्तर 206 मीटर तक पहुंच सकता है, जो खतरे के निशान (205.33 मीटर) से ऊपर है।

सीडब्ल्यूसी ने बताया कि 17 अगस्त को हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की मात्रा और ऊपरी यमुना क्षेत्र में भारी वर्षा को देखते हुए संभावना है कि 19 अगस्त 2025 की देर रात लगभग दो बजे दिल्ली रेलवे पुल पर जलस्तर 206 मीटर को पार कर जाएगा।

दिल्ली में चेतावनी स्तर पार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे यमुना (Yamuna) नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 204.60 मीटर तक पहुंच गया। यह चेतावनी स्तर (204.50 मीटर) से ऊपर है। अधिकारियों ने बताया कि 205.33 मीटर को खतरे का स्तर माना जाता है, जबकि 206 मीटर पार होने पर निचले इलाकों से लोगों को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है।

Exit mobile version