दुबई: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक कमर्शियल फ्लाइट ने सऊदी अरब के ऊपर से गुजरते समय अचानक अपना रास्ता बदल दिया और इमरजेंसी सिग्नल भेज दिया। विमान की ओर से पहले सामान्य इमरजेंसी और फिर हाईजैकिंग से जुड़े सिग्नल भेजे जाने के बाद हड़कंप मच गया।
हालांकि, कुछ देर बाद विमान ने सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली। विमान में करीब 180 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
पहले 7700, फिर भेजा 7500 कोड
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा। यह सामान्य इमरजेंसी की स्थिति का अंतरराष्ट्रीय संकेत है। इसके कुछ समय बाद विमान से 7500 कोड भेजा गया, जिसका इस्तेमाल हाईजैकिंग या किसी अन्य गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है।
7500 सिग्नल के बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की ओर मुड़ गया। इसके बाद ताबुक एयरपोर्ट पर उसकी लैंडिंग हुई।
पायलटों के विवाद की सामने आई रिपोर्ट
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि इमरजेंसी और 7500 सिग्नल भेजे जाने की वजह विमान में पायलटों के बीच हुआ विवाद हो सकता है। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और विवाद किस बात को लेकर था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
इजरायली फाइटर जेट्स भी हुए एक्टिव
घटना के बाद इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट्स को विमान की निगरानी के लिए रवाना किए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं, हिब्रू मीडिया के मुताबिक, घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी इमरजेंसी कंसल्टेशन किया।
फिलहाल विमान के ताबुक में सुरक्षित उतरने के बाद जांच जारी है। 7500 सिग्नल क्यों भेजा गया और विमान के अंदर वास्तव में क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

