Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अमर सिंह के निधन पर पीएम मोदी से लेकर अखिलेश यादव तक ने जताया दुख

अमर सिंह का निधन

अमर सिंह का निधन

 

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता व राज्यसभा सांसद अमर सिंह का शनिवार दोपहर निधन हो गया। दिग्गज नेता अमर सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अमर सिंह सिंगापुर के एक अस्पताल में भर्ती थे। अमर सिंह के निधन पर राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अमर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद श्री अमर सिंह के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा- “अमर सिंह एक ऊर्जावान राजनैतिक शख्सियत थे। पिछले कुछ दशकों में, उन्होंने कुछ प्रमुख राजनीतिक घटनाक्रमों को करीब से देखा था। वह जीवन के कई क्षेत्रों में अपनी दोस्ती के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से दुख हुआ। उनके दोस्तों और परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। ओम शांति।”

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पूर्व राज्यसभा सांसद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी। स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

पूर्व सपा नेता के निधन पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा- “ईश्वर अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।

समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमर सिंह की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि “अमर सिंह जी के स्नेह-सान्निध्य से वंचित होने पर भावपूर्ण संवेदना एवं श्रद्धांजलि।”

राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने अमर सिंह के निधन पर शोक जताया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- “राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन पर मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने उन्‍हें अनुभवी और वरिष्‍ठ नेता बताते हुए कहा कि उन्‍हें उनके निधन के समाचार से काफी दु:ख पहुंचा है। उन्‍होंने ईश्‍वर से दिवंगत की आत्‍मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्‍त परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की।

अमर सिंह के निधन पर कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने बयान जारी करके कहा कि​ मैं राज्यसभा में हमारी साथी सांसद अमर सिंह के असामयिक निधन से बहुत दुखी हूं। वह पूरे जीवन भर योद्धा रहे और अस्पताल में वह अपनी आखिरी सांस तक लड़े। आजाद ने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वशक्तिमान उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Exit mobile version