Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लखनऊ में गोमती का कहर, 3.5 लाख लोग प्रभावित; अगले 24 घंटे में 2 फीट बढ़ सकता है जलस्तर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी के बीच राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फैजुल्लागंज समेत कई इलाके जलमग्न हैं। सोमवार को नदी का पानी बढ़ते हुए जेहटा-मॉल रोड तक पहुंच गया। प्रशासन ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में करीब दो फीट तक बढ़ोतरी की आशंका जताई है।

कई इलाकों में घुसा पानी

संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी, दाऊद नगर, मेहंदी घाट, गुलाला घाट और हयात नगर समेत कई कॉलोनियों में पानी भर गया है। लोगों के घरों और मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। प्रेरणा स्थल भी जलभराव की चपेट में है। घैला, अल्लूनगर डुगरिया और मिल्लत नगर समेत अन्य इलाकों में भी हालात गंभीर बताए जा रहे हैं।

पलायन के बाद चोरी की शिकायतें

मिल्लत नगर के कई लोग पिछले चार दिनों से जलभराव के कारण घरों में फंसे हैं। स्थिति को देखते हुए बिजली निगम ने 12 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है।

बाढ़ के चलते प्रभावित इलाकों से लोगों का पलायन भी शुरू हो गया है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, अब तक 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा चुके हैं, जबकि करीब साढ़े तीन लाख आबादी प्रभावित बताई जा रही है।

दूसरी ओर, खाली पड़े घरों में चोरी की शिकायतें भी सामने आई हैं। अब तक करीब एक दर्जन लोगों ने पुलिस से चोरी की शिकायत की है। प्रशासन के सामने अब बढ़ते जलस्तर के साथ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और खाली घरों की निगरानी की दोहरी चुनौती है।

Exit mobile version