Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लखनऊ में गोमती का जलस्तर बढ़ा, हेल्पलाइन जारी

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी से जुड़े नालों में बैकफ्लो होने लगा, जिससे गोमती नगर विस्तार, इकाना स्टेडियम और फीनिक्स पलासियो मॉल के आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। 6 और 7 अक्टूबर को पानी रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों की ओर पहुंचा। स्थिति को देखते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाला। प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों के बाद अब पानी का स्तर कम हो रहा है।

JCB और बोल्डर से बनाया गया चेकडैम

LDA के मुताबिक, इकाना स्टेडियम के पीछे से पानी गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 और आसपास के क्षेत्रों में पहुंच गया था। नदी का दबाव बढ़ने के कारण उससे जुड़े नालों में पानी उल्टी दिशा में आने लगा, जिसे जलभराव की मुख्य वजह बताया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए LDA की टीम ने मौके पर JCB और बोल्डर पिचिंग की मदद से अस्थायी चेकडैम तैयार किए। इससे पानी के प्रवाह को रोकने में मदद मिली और प्रभावित इलाकों में जलस्तर धीरे-धीरे घटने लगा। सुरक्षा के मद्देनजर फीनिक्स पलासियो मॉल की तरफ जाने वाली सर्विस लेन पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया।

चेतावनी स्तर से नीचे है गोमती का जलस्तर

LDA के वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, बुधवार शाम 6 बजे गोमती नदी का जलस्तर 107.24 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर से 1.26 मीटर नीचे है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। LDA ने जलभराव की आशंका को देखते हुए 5 अक्टूबर से ही अधिकारियों और अभियंताओं की 24 घंटे ड्यूटी लगाई थी। तीन शिफ्टों में निगरानी की जा रही है। 6 अक्टूबर को पानी के इलाके में पहुंचने की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त अधिकारियों और टीमों को मौके पर भेजा गया। लोग जलभराव से जुड़ी समस्या की जानकारी LDA तक पहुंचाने के लिए सहायक अभियंता राहुल वर्मा के मोबाइल नंबर 9918006069 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकरण ने टोल-फ्री हेल्पलाइन भी सक्रिय की है।

ट्रैफिक पुलिस की निगरानी

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इकाना तिराहे से प्लासियो चौराहे होते हुए बाईपास तक सड़क के दोनों तरफ जलभराव की स्थिति बनी। हालांकि इकाना अंडरपास और प्लासियो अंडरपास में पानी नहीं भरने से इन रास्तों पर यातायात सामान्य रहा। एसीपी ट्रैफिक दक्षिणी राधारमण के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल LDA और ट्रैफिक पुलिस दोनों टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Exit mobile version