बरेली जंक्शन पर मालगाड़ी हुई बेपटरी, प्लेटफार्म पर मची भगदड़

बरेली। उत्तर रेलवे बरेली जंक्शन पर एक मालगाड़ी शनिवार आधी रात पटरी (Train Derails) से उतर गयी और इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन के इंतजार में खड़े लोगों में भगदड़ मच गयी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने का काम शुरू किया। रात ही में प्लेटफार्म दो पर आने वाले संचालन को प्लेटफार्म तीन से गुजारा गया और प्लेटफार्म नंबर दो पर मालगाड़ी को पटरी पर लाने की मशक्कत शुरू की गयी।

मंडल रेल प्रबधक (डीआरएम) मुरादाबाद आरके सिंह ने रविवार सुबह बताया कि ट्रेन संचालन अब सामान्य हो गया है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट तलब की है। तीन सदस्यों की जांच कमेटी गठित कर दी है। जो लोको पायलट, गार्ड के साथ गैंगमैनों के भी बयान दर्ज करेगी। एक सप्ताह के अंदर यह कमेटी अपनी रिपोर्ट डीआरएम को सौंपेगी। जांच कमेटी में संचालन, कैरेज एंड वैगन और रेल पथ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर मालगाड़ी उतरने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गयी। मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारण प्लेटफार्म दो पर रेल संचालन बाधित हो गया। रात में प्लेटफार्म नंबर तीन से गुजरा गया। इस मामले में तीन सदस्यों की जांच कमेटी गठित कर दी गयी है।

Exit mobile version