Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

कार्यकर्ताओं से ही सरकार का होता है निर्माण : स्वतंत्र देव सिंह

प्रतापगढ़ जिले की सीमा पर शनिवार को पहुंचते ही भाजपा के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। लालगंज में तहसील गेट के सामने भी भव्य स्वागत किया गया। जिला मुख्यालय पर अफीम कोठी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष अपने पूर्व निर्धारित समय पर पहुंच गए ।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र सिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता द्वारा सरकार का निर्माण होता है और निर्माण के उपरांत राष्ट्रवादी सोच से यह दल चलता है। हम सभी कार्यकर्ता का निर्माण करते हैं और वो कैसे हम सबके बीच समाज के बीच कार्य करें की चिंता करते हैं। हमको यह नहीं देखना है विधायक, सांसद हमारे घर तक सड़क बना रहा है कि नहीं, नल दे रहा है कि नहीं। लेकिन आप की सरकार जो बनती है धारा 370 खत्म होती है, राम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण होता है, समान नागरिक आचार संहिता लागू हो इसके बारे में यह दल सोचता है। यह आपकी ताकत से ही सम्भव है। क्या आप सोचते हो कि यह कार्य सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, मायावती करेंगी।

भारतीय जनता पार्टी का ही कार्यकर्ता है कि बंगाल में तीन से 77 सीट पाते हैं। आने वाले 2022 के चुनाव में हम कैसे सभी सीटों को जीते हैं, इसके लिए हम आज से ही समाज में कार्य करने की शुरुआत करते हैं। कम से कम 50 अनुसूचित जाति के व्यक्ति के यहां हम प्रत्येक कार्यकर्ता चाय पीने, उसके घर भोजन करें और उसको अपनी पार्टी की रीति नीति से जोड़ें, यह संकल्प लेते हैं।

कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के सभी निर्देशों का पालन करेंगे। जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्रा ने कहा कि हम लोगों द्वारा पूर्व में किए गए कार्य बूथ सत्यापन एवं पन्ना प्रमुख बनाने का कार्य चल रहा है, इसी को लेकर बैठक है।

नागेंद्र रघुवंशी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता बूथ सत्यापन अधिकारी बूथ को सर्व स्पर्शी सर्वग्राही बूथ बनाने का काम करें, क्योंकि काम से ही आगामी चुनाव में सातों विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। इस दौरान विधायक रानीगंज धीरज ओझा, जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी, जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, जिला महामंत्री राजेश सिंह और सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह, विजय मिश्र, जगत पासी मौजूद रहे।

Exit mobile version