Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने ‘देवभूमि संवाद’ और ‘द गवर्नर’ पुस्तक का किया विमोचन

Governor-CM Dhami released the book 'Devbhoomi Samvad' and 'The Governor'

Governor-CM Dhami released the book 'Devbhoomi Samvad' and 'The Governor'

देहरादून,। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को लोक भवन में स्वल्पाहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोक भवन उत्तराखण्ड की अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन किया। लोक भवन सूचना परिसर द्वारा प्रकाशित पत्रिका में राज्यपाल के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को संकलित किया गया है।

कार्यक्रम में डॉ. शालिनी बहुगुणा, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार और रिया कैंतुरा द्वारा तैयार पुस्तक ‘द गवर्नरः फ्रॉम कांस्टीट्यूशनल गार्जियन टू डेवलपमेंट इनेबलर’ का भी विमोचन किया गया। पुस्तक राज्यपाल पद की बहुआयामी भूमिका पर केंद्रित है और उत्तराखण्ड में संवैधानिक नेतृत्व तथा लोकसेवा के विशेष उदाहरणों को रेखांकित करती है।

इस दौरान चिकित्सा एवं सैन्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच विशिष्ट अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के कार्डियोलॉजी निदेशक डॉ. योगेन्द्र सिंह, आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल दिल्ली के सीनियर एडवाइजर कर्नल विकास मारवाह, उत्तराखण्ड सब एरिया के कर्नल आदित्य श्रीवास्तव, बी.डी. पांडे राजकीय जिला अस्पताल नैनीताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह और मिलिट्री अस्पताल देहरादून के कमाण्डेंट ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन शामिल रहे।

असम रेजिमेंट केंद्र एवं मुख्यालय उत्तराखण्ड सब एरिया को सराहनीय सेवाओं के लिए राज्यपाल प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सांसद, विधायक, अन्य गणमान्य लोग और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version