Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

खेदां वतन पंजाब दियां-2026 का बड़ा प्लान, 10 लाख खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य

CM Bhagwant Mann

CM Bhagwant Mann

पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ (Khedan Watan Punjab Diyan 2026) का बड़े स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को आयोजन को लेकर पत्रकार वार्ता में इसकी तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी। इस बार करीब 10 लाख खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगिताएं गांव स्तर से शुरू होकर जिला और राज्य स्तर तक आयोजित की जाएंगी। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

23 जिलों में निकलेगा मशाल जुलूस

खेलों के आयोजन से पहले पंजाब के सभी 23 जिलों में 12 अगस्त से 5 सितंबर तक मशाल जुलूस निकाला जा रहा है। इसके बाद 5 सितंबर को बठिंडा में भव्य उद्घाटन समारोह होगा।

इस वर्ष कुल 38 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 14 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे।

पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट भी शामिल

इस बार ‘खेदां वतन पंजाब दियां’ में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को शामिल किया गया है। वहीं पैरा खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं भी होंगी।

सरकार के मुताबिक पिछले तीन सत्रों में इन खेलों में 11.85 लाख से अधिक लोग हिस्सा ले चुके हैं। वहीं पिछले साढ़े चार वर्षों में 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि दी गई है।

फ्री रजिस्ट्रेशन, 29 नवंबर को समापन

खेलों में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। खिलाड़ी खेल विभाग के पोर्टल या QR कोड के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

खेलों का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में आयोजित किया जाएगा।

ओलंपिक तैयारी के लिए 15 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को आर्थिक मदद भी दे रही है। ओलंपिक की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये, जबकि एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

इस वर्ष 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं 11 शीर्ष खिलाड़ियों को PCS/DSP स्तर की सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं।

Exit mobile version