Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के दर्शन कर मन अत्यन्त हर्षित है : योगी

cm yogi

cm yogi

मथुरा। दो दिन के दौरे पर श्रीकृष्ण की नगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने दोनों दिन के दौरे से पूर्व ठाकुरजी की पूजा-अर्चना कर उसके बाद अन्य कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने दूसरे दिन मंगलवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में दर्शन किए और सीएम योगी (CM Yogi) ने ट्वीट करते हुए कहा है कि आज जगत के तारणहार भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि पर प्रभु के दर्शन-पूजन कर मन अत्यंत हर्षित है, प्रभु का दर्शन सदैव राष्ट्रधर्म के अनुपालन हेतु सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

इसके बाद सीएम योगी (CM Yogi) ने तीर्थ विकास परिषद की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की। सीएम ने महावन तहसील के रसखान समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित करने के बाद परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद सीएम का काफिला बरसाना लाडली जी मंदिर परिसर पहुंचा। सीएम संत विनोद बाबा के आश्रम में पहुंचे, जहां कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने सीएम का स्वागत किया। आश्रम में संत ने सीएम योगी को गदा भेंट की। इसके बाद सीएम योगी (CM Yogi) आगरा के लिए निकल गए।

दूसरे दिन मंगलवार को सुबह मुख्यमंत्री अपनी गाड़ियों के काफिले के साथ जन्मस्थान परिसर में पहुंचे। यहां सर्वप्रथम उन्होंने ठाकुर केशवदेव के दर्शन किए। तत्पश्चात, गर्भगृह में पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री भागवत भवन पहुंचे जहां ठाकुरजी का पूजन-अर्चन कर उनको प्रसाद ग्रहण कराया। दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री प्रसन्न चित्त दिखे। उनको जन्मस्थान सेवा संस्थान की ओर से एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें तीर्थ स्थल घोषित होने से वंचित क्षेत्र को भी तीर्थ क्षेत्र में शामिल करने की मांग की गयी। मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट जन्मस्थान परिसर में रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन तक श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री के यहां पहुंचने के बाद करीब 25 मिनट तक श्रद्धालुओं का आवागमन बंद रखा गया। सुरक्षा की दृष्टि से सुबह से श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास की दुकानें बंद करा दी गयी थीं। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक राजेश चौधरी, विधायक मेघश्याम सिंह, महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग आदि थे।

ब्रज को दोबारा से द्वापर युग जैसा बनाएंगे : सीएम योगी

मंगलवार केजेएस के दर्शन करने बाद वेटेरिनरी विश्वविद्यालय से रसखान समाधि जाने के दौरान मुख्यमंत्री ने वेटेरनरी विश्व विद्यालय के प्रांगण में पौधरोपण किया। उसके बाद सीएम गोकुल होते हुए रसखान की समाधि पर गए। यहां उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 5वीं बोर्ड बैठक में शामिल हुए। साथ ही अफसरों को मथुरा में चल रहे विकास कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएम का काबिला यहाँ से बरसाना प्रस्थान कर गए। बरसाना में उन्होंने राधा रानी के दर्शन कर संत विनोद बाबा से उनके आश्रम में मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण उनके साथ मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में ये रहे मौजूद

उ.प्र. बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, अपर मुख्य सचिव वित्त प्रशांत त्रिवेदी, महानिदेशक पर्यटन मुकेश मेश्राम, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकरण, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोनिवि नरेन्द्र भूषण, एमडी परिवहन आर.पी. सिंह सहित अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन राजीव कृष्ण, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी गौरव ग्रोवर, विप्रा उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा आदि अधिकारियों के अलावा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग, जीएलए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल आदि मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के प्रर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह भी मौजूद रहे।

Exit mobile version