Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नेपाल में बाढ़ का कहर, तेज पानी में बह गया हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स

Havoc caused by floods in Nepal

Havoc caused by floods in Nepal

नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। तिब्बत की ओर से आए तेज पानी ने टिमुरे बाजार और रसुवा सीमा नाके के कस्टम क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन, सामान और हाल ही में बनाया गया एक पुल बह गया। कई बस्तियों और जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक आई बाढ़ से टिमुरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन के मुताबिक, टिमुरे समेत आसपास के दो बाजार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों में पानी घुसने के साथ कई जगह बड़े नुकसान की जानकारी सामने आई है।

बाढ़ की चपेट में नेपाल पुलिस के तीन कार्यालय भी आए हैं। टिमुरे, स्याफ्रुबेसी और रसुवागढ़ी की पुलिस चौकियां प्रभावित हुई हैं। बाढ़ का असर नुवाकोट तक पहुंचने की भी सूचना है।

हालात को देखते हुए काठमांडू उपत्यका ट्रैफिक पुलिस ने रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिङ जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी है। प्रशासन ने लोगों से जोखिम वाले इलाकों और सड़कों पर यात्रा नहीं करने की अपील की है।

राहत और बचाव अभियान के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रसुवा भेजे गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भोटेकोशी नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए रसुवा, नुवाकोट, धादिङ, गोरखा और चितवन के नदी तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन को लेकर आपात बैठक बुलाई है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना, राहत पहुंचाना और नदी किनारे रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है।

Exit mobile version